Ranchi : झारखंड में मौसम ने समय से पहले तेवर दिखाने शुरू कर दिये हैं। फरवरी के तीसरे हफ्ते में ही दिन में तेज धूप और दोपहर बाद हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है। राज्यभर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है। रांची में अधिकतम तापमान: 28.6°C (सामान्य से 0.1°C अधिक), न्यूनतम तापमान: 16.4°C (सामान्य से 2.4°C अधिक) बना हुआ है। सुबह-शाम हल्की ठंड, लेकिन दिन में धूप चुभने लगी है। चाईबासा राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.4°C दर्ज हुआ। वहीं गुमला के ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 10.3°C रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। बीते 24 घंटों में कहीं भी बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24–48 घंटों तक मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी संभव है।सुबह और रात में हल्की ठंड बनी रह सकती है। फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं है। हालांकि 24 फरवरी को बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर की तेज धूप से बचें, पर्याप्त पानी पियें और बदलते मौसम में सेहत का ध्यान रखें।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में फरवरी में ही चढ़ा पारा, इस रोज बारिश…






