Ranchi : हिंदी साहित्य भारती झारखंड ने इस शिक्षक दिवस को और भी यादगार बना दिया। आई क्रिएट अकैडमी के शिक्षकों को सम्मानित करते हुये मंच पर उस पवित्र रिश्ते की गूंज सुनाई दी, जिसे दुनिया गुरु-शिष्य परंपरा के नाम से जानती है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “शिक्षक समाज की नींव हैं। उनकी गोद में संस्कार पलते हैं और उनके मार्गदर्शन से ही राष्ट्र नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि आज शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का साधन बन चुकी है, और इसी राह पर आई क्रिएट अकैडमी के शिक्षक दीप जलाकर भविष्य रौशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर शिक्षकों को स्मृति चिह्न व उपहार भेंट किये गये। पूरा वातावरण आभार, श्रद्धा और भावनाओं से सराबोर रहा। हर आंख में चमक थी, मानो शिष्य अपने गुरु को प्रणाम कर रहे हों। शिक्षक संजीव कुमार, घनश्याम सोनी, राकेश कुमार राय, अंकित राज, सुमित्रा कुमारी, अंकिता मुखर्जी, अरुणिमा कुमारी, स्मृति साहू, प्रीति कुमारी, प्रियंका राय, सोमा कुमारी, नेहा तिवारी एवं अपूर्वा साकेत पांडेय को सम्मानित किया गया।












