Kohramlive : जिस शिक्षक पर बच्चों को पढ़ाने और उनका भविष्य संवारने की जिम्मेदारी थी, उसी पर एक नाबालिग छात्रा को डराने-धमकाने और दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि अच्छे नंबर का लालच और परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर शिक्षक ने छात्रा पर मानसिक दबाव बनाया। करीब आठ महीने तक डर और खामोशी में रहने के बाद छात्रा ने अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी गणित के शिक्षक मोहित टैंक को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला गुजरात के राजकोट के एक सरकारी स्कूल का है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, इसी साल 2 जनवरी को छात्रा क्लासरूम में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक ने उसके साथ गलत तरीके से स्पर्श किया। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि शिक्षक ने उसे परीक्षा में फेल करने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, इसके बाद छात्रा पर दबाव बढ़ता गया।
स्कूल से बाहर फ्लैट पर ले जाने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी साल 9 जनवरी की सुबह करीब 7.15 बजे शिक्षक किसी बहाने से छात्रा को स्कूल परिसर से बाहर अपने फ्लैट पर ले गया। वहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि इसके बाद भी अप्रैल 2026 तक छात्रा का उत्पीड़न जारी रहा और शिक्षक उसे अलग-अलग बहानों से बुलाता रहा। बताया गया कि छात्रा डर के कारण लंबे समय तक चुप रही। बीते 23 सितंबर को उसकी मां ने बेटी के व्यवहार में बदलाव महसूस किया और उससे बातचीत की। इसके बाद छात्रा ने मां को पूरी घटना बताई। मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ BNS की धारा 64 और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने 2 अक्टूबर को मोहित टैंक को गिरफ्तार कर लिया।
2010 से सरकारी शिक्षक है आरोपी
राजकोट साउथ डिवीजन के ACP बीजे चौधरी ने मीडिया को बताया कि आरोपी टीचर वर्ष 2010 से सरकारी शिक्षक के रूप में काम कर रहा है। इससे पहले वह ध्रोल और जामनगर जिले के जामजोधपुर में तैनात रह चुका है। पिछले करीब तीन वर्षों से वह स्कूल नंबर 88 में कार्यरत था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने किसी अन्य छात्रा के साथ भी ऐसी हरकत की थी। सिटी प्राइमरी एजुकेशन कमेटी के प्रशासनिक अधिकारी रमेश जेठवा ने बताया कि पुलिस रिपोर्ट मिलने और 48 घंटे की हिरासत की स्थिति में नियमों के अनुसार शिक्षक को निलंबित किया जायेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाये गये आरोपों से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।





