Kohramlive : भारतीय हॉकी के लिये एशियाई खेल 2026 यादगार बन गये। पुरुष और महिला दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। पुरुष टीम ने शनिवार को फाइनल में मलयेशिया को 5-1 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों का गोल्ड अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने टीम की जमकर सराहना की और पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी के लिये 11 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की। टिर्की ने पुरुष टीम के लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने और पहली बार एशियाई खेलों में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, कप्तान, कोचिंग टीम और सपोर्ट स्टाफ ने शानदार काम किया है। सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹5.5 लाख मिलेंगे। टिर्की ने भारतीय हॉकी को लगातार समर्थन देने के लिए ओडिशा सरकार का भी आभार जताया।
पहली बार एशियाड में खिताब का सफल बचाव
2022 के बाद 2026 में भी स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में पहली बार अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया है। यह एशियाई खेलों में भारत का पुरुष हॉकी में पांचवां स्वर्ण पदक है। इससे पहले भारत ने 1966, 1998, 2014 और 2022 में पुरुष हॉकी का स्वर्ण जीता था। इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी सीधे क्वालिफाई कर लिया है।





