Kohramlive : क्रिकेट के गलियारों में जिस फैसले का इंतजार कई दिनों से था, उस पर आखिरकार मुहर लग गई। मुंबई स्थित BCCI मुख्यालय में शनिवार को हुई चयन समिति की बैठक ने भारतीय टी20 क्रिकेट की तस्वीर बदल दी। अजीत अगरकर की अगुआई वाली समिति ने भारतीय टी20 टीम की कमान अब श्रेयस अय्यर के हाथों में सौंप दी। वहीं, लंबे समय तक टी20 टीम की पहचान बने सूर्यकुमार यादव को न सिर्फ कप्तानी से दूर रखा गया, बल्कि उन्हें टीम में भी जगह नहीं मिली। BCCI ने श्रेयस अय्यर को कप्तान और तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। पिछले कुछ समय से तिलक वर्मा ने अपने खेल से लगातार प्रभावित किया है। अब उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
15 साल का वैभव सूर्यवंशी की एंट्री से मचा उत्साह
इस टीम चयन की सबसे दिलचस्प और भावुक कहानी एक किशोर क्रिकेटर की है। महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय सीनियर टीम का दरवाजा खोल दिया है। IPL 2026 में बल्ले से आग उगलने वाले इस युवा बल्लेबाज ने चयनकर्ताओं को इतना प्रभावित किया कि उन्हें सीधे राष्ट्रीय टीम में मौका मिल गया। क्रिकेट के मैदानों में अक्सर सपने जन्म लेते हैं, लेकिन बहुत कम खिलाड़ी इतने कम उम्र में उन्हें हकीकत में बदल पाते हैं। वैभव अब उन चुनिंदा नामों में शामिल हो गये हैं जिन पर पूरे देश की निगाहें टिकी रहेंगी।
आयरलैंड से शुरुआत, इंग्लैंड में होगी असली परीक्षा
भारतीय टीम सबसे पहले आयरलैंड दौरे पर जायेगी, जहां 26 और 28 जून को दो टी20 मुकाबले खेले जायेंगे। इसके बाद शुरू होगा असली इम्तिहान। इंग्लैंड की धरती पर एक जुलाई से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जायेगी। चेस्टर-ली-स्ट्रीट से शुरू होने वाली यह सीरीज 11 जुलाई तक चलेगी। टी20 मुकाबलों के बाद दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैच भी खेले जायेंगे। वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला क्रिकेट के ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स में 19 जुलाई को होगा। सितंबर-अक्तूबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिये भी भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। पिछली बार स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम इस बार अपने खिताब का बचाव करेगी। कप्तानी यहां भी श्रेयस अय्यर के हाथों में रहेगी। खास बात यह है कि एशियाई खेलों की टीम में स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है।
ध्रुव जुरेल को मिली नई जिम्मेदारी
BCCI ने श्रीलंका दौरे के लिये भारत-ए टीम का भी ऐलान किया है। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को कप्तानी सौंपी गई है, जबकि देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे। जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले आकिब नबी को भी टीम में जगह मिली है। यह दौरा कई युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय टीम की राह खोल सकता है।
टी20 टीम में कौन-कौन?
कप्तान: श्रेयस अय्यर, उपकप्तान: तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया गया है।
इसे भी पढ़ें : तपती धरती को मिलने वाली है राहत, इस रोज से प्री-मानसून बारिश
इसे भी पढ़ें : राबड़ी के घर अब ये नये पहरेदार… देखें
इसे भी पढ़ें : JMM ने राज्यसभा उम्मीदवार का किया ऐलान… जानें
इसे भी पढ़ें : गदगद हुये वैभव सूर्यवंशी, मिल गई टीम इंडिया में जगह…
इसे भी पढ़ें : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का रांची में भव्य स्वागत, बोले- “यह मेरा दूसरा घर है”









