Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम के घने सारंडा जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुये भीषण मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की शंका जताई गई है। सुबह करीब पांच बजे छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र में चल रहे कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान अचानक जमीन कांपी। नक्सलियों ने पहले से बिछाये IED में विस्फोट कर दिया। धमाके की तेज आवाज के साथ कोबरा के असिस्टेंट कमांडेंट अजय मलिक और कोबरा के हेड कांस्टेबल विक्रम यादव घायल हो गये। आनन-फानन में उन्हें BSF हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। झारखंड पुलिस के IG ऑपरेशन डॉ. माइकल राज ने बताया कि मुठभेड़ में कई नक्सलियों के हताहत होने की सूचना है, हालांकि अभी तक किसी नक्सली का शव बरामद नहीं हुआ है। इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। सारंडा का वही घना जंगल, जिसे नक्सलियों का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है, रविवार को फिर बारूद और गोलियों की गवाही देता नजर आया। सुरक्षाबलों को सटीक खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कोबरा और अन्य बलों की टीम कांबिंग के लिये निकली थी। लेकिन नक्सलियों ने मरांगपोंगा इलाके में पहले से बिछाये IED से हमला कर दिया और फिर चारों ओर से फायरिंग शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में घायल दोनों अधिकारियों को बेहतर इलाज के लिये दिल्ली भेजने की तैयारी चल रही थी। वहीं सुरक्षाबलों का कहना है कि जंगल में छिपे नक्सलियों को घेरने के लिये अभियान और तेज कर दिया गया है।
![]()








