Chouparan(Krishna Paswan) : बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने जब बीती रात अचानक चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दरवाज़ा खटखटाया, तो अस्पताल की दीवारें भी शायद चौंक गईं। रात्रि इमरजेंसी में जहां ज़िंदगियां डॉक्टरों की आस में होती हैं, वहां केवल एक आयुष चिकित्सक के सहारे अस्पताल की पूरी व्यवस्था चल रही थी। उन्होंने दो टूक कहा “यह हालात चिंताजनक हैं। चौपारण जैसे बड़े प्रखंड को MBBS डॉक्टरों की ज़रूरत है। मैं सरकार से मांग करूंगा कि जल्द से जल्द यहां डॉक्टरों की पोस्टिंग हो।”
ड्यूटी से नदारद डॉक्टरों पर सख्त रुख
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल की उपस्थिति पंजी और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। नाराज विधायक ने साफ निर्देश दिये “चिकित्सा प्रभारी से लेकर हर डॉक्टर और कर्मी मुख्यालय में मौजूद रहें। रोस्टर के अनुसार ड्यूटी निभाना सबकी ज़िम्मेदारी है।” उन्होंने सिविल सर्जन, हजारीबाग को भी इस मामले में आवश्यक निर्देश दिये हैं और उम्मीद जताई कि अब चौपारण में चिकित्सा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।












