Hazaribagh (Pawan Thakur) : ऋत्विक कंपनी का जीएमएल भास्कर सिंह ही आस्तीन का सांप निकला। उसके इशारे पर ही गुंडई भी होती रही। इसके इशारे पर ही बीते 8 मई को कंपनी के काम को बाधित करने की कोशिश की गई थी। इस बात का खुलासा आज हजारीबाग पुलिस ने किया है। एक प्रेस रिलीज जारी कर पुलिस ने बताया कि कांड को अंजाम देने में शामिल 6 संदेही गुनहगारों रामचंद्र सोनी उर्फ रामा सोनी, विवेक कुमार सोनी उर्फ विवेक वर्मा, संजय राणा, आदित्य सोनी, मो शाहजाद और मो शमशेर आलम को धरा गया है। इन लोगों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। वहीं, रामचंद्र सोनी ने पुलिस को दिये अपने इकबालिया बयान में जीएमएल भास्कर सिंह के काले कारनामे के बारे में खुलासा किया। उसने बताया कि ट्रांसपोर्टेशन में हो रहे विशेष फायदे के कारण ऋत्विक कंपनी के जीएमएल भास्कर सिंह के इशारे पर एक साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। वहीं, टेक्निकल सेल की मदद से जीएमएल भास्कर सिंह की कांड में शामिल होने की बात की पुष्टि हुई।
बीते कुछ दिनों से हजारीबाग में कोल कंपनियों को लगातार मिल रही धमकियों और खूनी वारदातों को पुलिस कप्तान मनोज रतन चोथे ने काफी गंभीरता से लिया। गुंडों के उठते फन को कुचलने के इरादे से SIT का गठन किया। बड़कागांव SDPO अमित कुमार सिंह की देखरेख में गठित SIT ताबड़तोड़ छापेमारी कर 6 लोगों को धर दबोचा। इसमें टेक्निकल सेल की भी मदद ली गई। वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल एक सफेद रंग की एक स्कॉर्पियों गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस की गिरफ्त में आये 6 बदमाशों में से एक शमशेर आलम रामगढ़ का रहने वाला है। वहीं बाकी के पांच हजारीबाग के अलग-अलग थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें विवेक कुमार, संजय राणा और आदित्य सोनी का पहले से आपराधिक इतिहास है। पुलिस फाइल में इनके खिलाफ हत्या, लूट, अटेम्प्ट टू मर्डर, आर्म्स एक्ट जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है।
इसे भी पढ़ें : 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में बढ़ाई गई नामांकन की तारीख
इसे भी पढ़ें : शादी से किया इनकार, तो मिली खौफनाक सजा… देखें वीडियो












