Patna : पटना के होटल मौर्या में हुई RJD की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया। प्रस्ताव भोला यादव ने रखा, जिस पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। बैठक में लालू प्रसाद, राबड़ी देवी, मीसा भारती, संजय यादव समेत पार्टी के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। हालांकि इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई। तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने एक्स पर तीखा हमला बोलते हुये इसे “कठपुतली शहजादे की ताजपोशी” करार दिया और नेतृत्व परिवर्तन पर तंज भरी बधाई दी।

यह बैठक विधानसभा चुनाव के बाद RJD की पहली बड़ी राष्ट्रीय बैठक थी, जिसमें 27 राज्यों के पदाधिकारियों को बुलाया गया। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारी के साथ पार्टी की आगे की रणनीति और संगठन विस्तार पर भी मंथन हुआ। बैठक से पहले विधायक मुकेश रोशन ने तेजस्वी को बधाई देते हुये उन्हें “बिहार का भविष्य” बताया और सड़क से सदन तक संघर्ष का भरोसा दिलाया।










