Dhanbad : धनबाद पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क को तोड़ने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के वासेपुर, पांडरपाला, भूली समेत एक दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर उसके गुर्गों और कथित सहयोगियों को घेरा गया। पांडरपाला के भट्ठा मोहल्ला में जमीन कारोबारी मो. कैश, फल कारोबारी वसीम के घर और वासेपुर आरा मोड़ स्थित उसकी फल दुकान की तलाशी ली गई। इसके अलावा वासेपुर के गुलजारबाग में बाबू खान के आवास पर भी पुलिस टीम पहुंची। कार्रवाई के दौरान पशु कारोबार से जुड़े दो कारोबारियों को हिरासत में लिये जाने की खबर है। तलाशी में नकदी बरामद होने की भी बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।SSP प्रभात कुमार ने साफ किया कि प्रिंस खान को आर्थिक या किसी भी तरह की मदद देने वाले सफेदपोशों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि कुल 12 पुलिस टीमों ने एक साथ छापेमारी की। इस अभियान का नेतृत्व सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने किया। बड़ी संख्या में पुलिस बल और सभी DSP मौके पर मौजूद रहे।











