Gumla : गुमला के कामडारा थाना क्षेत्र स्थित आकरा गबरी टोली में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक और एक युवती का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गये और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।नाबालिग युवती पोढ़ो टोली की थी। वहीं युवक की पहचान आंकड़ा गांव के 20 साल के रमेश चीक बड़ाईक के रूप में हुई है। घरवालों के अनुसार, सोनी बीते 21 फरवरी को मैट्रिक परीक्षा देने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। और आज 23 फरवरी को आकरा गबरी टोली के पास तालाब किनारे पक्की सड़क के पास पेड़ से दोनों के शव लटके मिले। बेटी को इस हाल में देख परिवार वालों की चीख निकल पड़ी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि दोनों किन परिस्थितियों में वहां पहुंचे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या किसी साजिश का। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।










