Ranchi : कड़ाके की ठंड, शीतलहर की सिहरन और बच्चों की नाजुक सेहत और मौसम के बदले मिजाज को देखते हुये रांची जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 9 और 10 जनवरी को तमाम स्कूलों में छुट्टी रहेगी। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री ने उक्त आदेश जारी किया है। इसके तहत KG से लेकर 12वीं तक की सभी कक्षाएं स्थगित रहेगी। यह आदेश सरकारी विद्यालय, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) सभी निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। हालांकि, सभी कोटि के सरकारी विद्यालयों में शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी 9 और 10 जनवरी को विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अनिवार्य उपस्थिति दर्ज की जायेगी। इस दौरान गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन किया जायेगा।
परीक्षाओं को लेकर स्कूलों को छूट
यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में अनिवार्य परीक्षा निर्धारित है, तो उसके संचालन पर संबंधित विद्यालय अपने विवेक से निर्णय ले सकेंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये लिया गया है। शीतलहर से होने वाली संभावित बीमारियों से बच्चों को बचाना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है।
इसे भी पढ़ें : अंश–अंशिका नहीं मिले, मशाल जुलूस और बंदी…








