Ormanjhi (Kuldeep/Amitabh): झारखंड प्रदेश आदिवासी सरना पड़हा समाज मुन्ना पतरा चकला के बैनर तले बिरसा जैविक उद्यान स्थित मुन्ना पतरा में सरहुल मेला सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में परंपरा, संस्कृति और आदिवासी एकता की झलक देखने को मिली। मेले में विभिन्न प्रकार के पारंपरिक व्यंजनों, मिठाइयों और खिलौनों की दुकानें सजी रहीं, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। खासकर बच्चों और महिलाओं में इसको लेकर भारी उत्साह देखा गया।
मेले में मुख्य अतिथि झारखंड आदिवासी 22 पड़हा समिति के अध्यक्ष प्रेमनाथ मुंडा उपस्थित रहे। आयोजन में आसपास के गांवों से आई सरना समितियों की झांकियां और अखाड़ा धारियों की प्रस्तुतियों ने मेले को और भी आकर्षक बना दिया। डोल, मांदर और नगाड़ों की थाप पर थिरकते पारंपरिक परिधानों में सजे महिलाएं और बच्चे जब शोभायात्रा में शामिल हुये तो पूरा वातावरण सरहुल के रंग में रंग गया।
नृत्य ने मोहा मन
महिलाओं ने सफेद और लाल किनारी वाली साड़ियों में पारंपरिक नृत्य किया, वहीं पुरुष और बच्चे पेड़ की डाली और सरना झंडा लिये नागपुरी गानों पर झूमते नजर आए। मेले की रौनक इतनी अधिक थी कि हर ओर उल्लास और उमंग की लहर दौड़ पड़ी। मेले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाये रखने के लिए ओरमांझी के थानेदार अनिल कुमार तिवारी की अगुवाई में पुलिस बल तैनात था। इस भव्य आयोजन में पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, प्रखंड विकास पदाधिकारी रामेश्वर बेदिया, अंचल अधिकारी उज्ज्वल सोरेन, पूर्व उप प्रमुख जय गोविंद साहू, मुंतज़िर अहमद रजा, रामधन बेदिया, भीम मुंडा, मुखिया संघ के अध्यक्ष दीपक बड़ाइक, अशोक मुंडा, सुरेंद्र उरांव, आफताब आलम, बालक पाहन, राजेश गुप्ता सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










