Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग के बड़कागांव में इन दिनों अवैध बालू कारोबार पूरे उफान पर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू माफिया बेखौफ होकर रात के सन्नाटे में ट्रैक्टरों से बालू ढो रहे हैं और प्रशासन खामोश तमाशबीन बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार रोजाना 200 से 250 ट्रैक्टर बालू की ढुलाई करते हैं। ट्रैक्टर हाईवे के रास्ते बड़कागांव से हजारीबाग शहर तक पहुंचते हैं। अधिकांश ढुलाई रात के अंधेरे में की जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरा खेल संगठित तरीके से चल रहा है, जहां हर ट्रैक्टर की “एंट्री” तय है। हर ट्रैक्टर से करीब ₹700 वसूले जाते हैं। इस हिसाब से रोजाना ₹1.40 लाख से ₹1.75 लाख तक की उगाही होती है। महीने में यह रकम ₹52 लाख से ₹62 लाख तक पहुंच जाती है। यानी रेत के इस काले कारोबार में हर महीने लाखों रुपये का खेल हो रहा है, जबकि सरकार को राजस्व का भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। बालू से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर आम लोगों की जान को भी खतरे में डाल रहे हैं। कई बार सड़कों पर बालू गिर जाती है। बाइक सवार फिसलकर गिर जाते हैं। बड़े हादसों की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर खासा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते इस अवैध कारोबार पर लगाम नहीं लगी, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
बड़कागांव में बालू माफिया बेलगाम, हर रात… देखें वीडियो #hazaribagh #jharkhand #sand #smuggling pic.twitter.com/xGAWcCW3Oa
— KohramLive (@KohramLive) March 21, 2026






