Saraikela : सरायकेला-खरसावां पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में कुल 22 लाख रुपये के पकड़े गये तीन ईनामी हार्डकोर नक्सलियों ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले राज उगल दिये हैं। मिले इनपुट पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार नक्सलियों में 5 लाख रुपये का ईनामी सागर सिंह सरदार उर्फ बिरेन उर्फ रवि, 15 लाख रुपये का ईनामी मदन महतो और 2 लाख रुपये की ईनामी महिला नक्सली मीना पहाड़िया शामिल हैं।
गुप्त सूचना बनी बड़ी कामयाबी की वजह
पुलिस कप्तान मनोज स्वर्गियारी और SSB कमांडेंट पवन कुमार सिंह ने मीडिया का सामने खुलासा किया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ नक्सली कांड्रा और चौका थाना क्षेत्र के जंगलों से होकर आने-जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित कर जंगलों और संभावित रास्तों की घेराबंदी की गई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में घेराबंदी कर पांच लाख के ईनामी नक्सली सागर सिंह सरदार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा में छापेमारी की, जहां से 15 लाख के ईनामी मदन महतो और दो लाख की ईनामी मीना पहाड़िया को भी दबोच लिया। राज्य सरकार ने इन पर कुल 22 लाख रुपये का ईनाम घोषित कर रखा था। अब पुलिस इनसे गहन पूछताछ कर रही है, ताकि संगठन के नेटवर्क, सहयोगियों, हथियारों की सप्लाई और हाल की गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग जुटाये जा सकें।
एसपी का दावा, ‘अब आधा दर्जन के करीब ही सक्रिय नक्सली बचे’
पुलिस कप्तान मनोज स्वर्गियारी ने इस कार्रवाई को जिले के लिये बड़ी उपलब्धि बताते हुये कहा कि लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों का असर साफ दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, जिले में अब आधा दर्जन के करीब नक्सली ही सक्रिय बचे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस और सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से जल्द ही सरायकेला-खरसावां को पूरी तरह नक्सल मुक्त जिला घोषित किया जा सकेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। वहीं, आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर जिले में शांति और सुरक्षा बनाये रखी जा सके।















