New Delhi : राष्ट्रीय हथकरघा दिवस से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से भारतीय हथकरघा परंपरा को बढ़ावा देने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने अपना नया इंस्टाग्राम वीडियो जारी करते हुये लोगों से आग्रह किया कि वे 7 अगस्त को पूरे उत्साह और उमंग के साथ राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनायें और स्वदेशी हस्तकरघा उत्पादों को अपनायें। PM मोदी ने कहा कि हथकरघे से बने कपड़े खरीदना सिर्फ एक वस्तु खरीदना नहीं है, बल्कि देश के लाखों बुनकरों और गरीब परिवारों की आजीविका को मजबूती देना है।
‘हैंडलूम पहनें, तस्वीर साझा करें और अभियान से जुड़ें’
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने पसंदीदा हथकरघा उत्पाद खरीदें, उन्हें पहनें और सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें व वीडियो साझा करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिये हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देने से ज्यादा से ज्यादा लोग भारतीय हस्तकला और बुनकरों की मेहनत से जुड़ सकेंगे। PM मोदी ने लोगों से #NationalHandloomDay के साथ अपने वीडियो और तस्वीरें साझा करने की अपील की है। PM मोदी ने कहा कि देश के लाखों छोटे और गरीब परिवार अपने घरों में करघों के जरिये कपड़े तैयार करते हैं। इन बुनकर परिवारों की मेहनत को पहचान और बड़ा बाजार मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब लोग हथकरघा उत्पादों को अपनायेंगे तो बुनकरों की आय बढ़ेगी और छोटे परिवार आर्थिक रूप से मजबूत होंगे। यही मजबूत परिवार विकसित भारत के निर्माण की नींव बनेंगे।
स्वदेशी आंदोलन की विरासत है राष्ट्रीय हथकरघा दिवस
PM मोदी ने कहा कि 7 अगस्त 1905 का दिन भारत के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। इसी दिन अंग्रेजों के खिलाफ स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत हुई थी, जिसने देशवासियों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। इसी ऐतिहासिक महत्व को देखते हुये हर साल 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारतीय हस्तकरघा उद्योग, कारीगरों और सदियों पुरानी बुनाई परंपरा को सम्मान देने का अवसर है।
‘हर नागरिक बन सकता है हैंडलूम का ब्रांड एंबेसडर’
PM मोदी ने कहा कि हर नागरिक का छोटा प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया कि वे हथकरघा उत्पादों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनायें और बुनकर परिवारों की आर्थिक प्रगति में भागीदार बनें। PM मोदी ने कहा कि भारतीय हथकरघा सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, परंपरा और आत्मनिर्भरता की पहचान है। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर आपका एक छोटा कदम, किसी बुनकर परिवार के लिये बड़ी उम्मीद बन सकता है।
Tomorrow, 7th August is National Handloom Day. Let’s make India’s handloom diversity popular.
Share your videos with your favourite handloom products, including GRWM videos on social media.
Don’t forget to use #NationalHandloomDay. pic.twitter.com/zoFdTXphRL
— Narendra Modi (@narendramodi) August 6, 2026















