Ranchi : राष्ट्रीय स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ कार्यक्रम में झारखंड के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। नई दिल्ली में आयोजित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम से लौटने के बाद, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रिया गुप्ता, स्वेता कुमारी और आयशा फातिमा को राजभवन में सम्मानित किया। वहीं, झारखंड के यूथ आइकन गौरव अग्रवाल को भी उनकी प्रेरणादायक भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में झारखंड की रिया गुप्ता ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से सर्वश्रेष्ठ वक्ता का खिताब अपने नाम किया, जो प्रदेश के लिये गर्व का क्षण है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा, “युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर तलाशने चाहिये, ताकि उनका संपूर्ण विकास हो सके।” मौके पर मौजूद राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने युवाओं को आगे बढ़ने के लिये महत्वपूर्ण सुझाव दिये। नेहरू युवा केंद्र संगठन झारखंड की राज्य निदेशक ललिता कुमारी, विकास आहूजा और चार्ल्स बोदरा भी उपस्थित रहे।










