- अब केस उठाने की दी जा रही धमकी
कोहराम लाइव डेस्क : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाने के एक गांव में महिला से छेड़खानी का विरोध करने पर उसकी तीन माह की बच्ची को आग में फेंक दिया गया। अब इस मामले में पीड़ित परिवार पर जनप्रतिनिधि केस उठाने का दबाव बना रहे हैं। एफआईआर की कॉपी लेने थाने पहुंचे पीड़िता के पति पर एक जनप्रतिनिधि के भाई ने कुछ रुपये लेकर केस उठा लेने का दबाव बनाया है। थाने के एक पुलिसकर्मी ने भी पीड़ित को जनप्रतिनिधि की बात मानने को कहा। इसके बाद से पूरा परिवार डरा सहमा हुआ है।
इसे भी पढ़ें : पत्नी पर करता था शक, रोज होते थे झगड़े, आखिरकार…
पीड़ित परिवार ने छोड़ा मकान
पीड़ित परिवार ने आरोपितों के भय से बोचहां थाना क्षेत्र वाले किराये के मकान को छोड़ दिया है। फिलहाल वह मिठनपुरा इलाके स्थित अपने शहरी घर पर है। बच्ची के पिता ने बताया कि थाने पर एक जनप्रतिनिधि के भाई ने केस को कुछ रुपये लेकर उठा लेने की धमकी दी है। पुलिसकर्मियों ने भी एसएसपी से शिकायत करने पर उन्हें डांट फटकार लगायी है। पीड़ित ने इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को देने की बात कही है।
इसे भी पढ़ें : वित्त मंत्री ने पेश किया Budget 2021, जानिए खास बातें…
सर्किल इंस्पेक्टर ने की मामले की जांच
प्रभारी डीएसपी पूर्वी सह डीएसपी मुख्यालय बैद्यनाथ प्रसाद ने बताया कि बोचहां पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। वर्तमान में छेड़खानी की धारा भी अंकित है। मीनापुर सर्किल इंस्पेक्टर को गांव भेजा गया था। उन से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। परिजन पर दबाव बनाया जा रहा है। इसकी शिकायत उनके पास नहीं मिली है।
इसे भी पढ़ें : तीन Lakh के जाली नोट के साथ चार गिरफ्तार, गिरोह का पर्दाफाश
दो बच्चों के विवाद को दिया गया तूल
पुलिस सूत्रों की मानें तो मीनापुर सर्किल इंस्पेक्टर मो. अरशद नूमानी ने मामले में ग्रामीणों का बयान दर्ज किया है। ग्रामीणों का बयान और पीड़ित पक्ष के बयान में विरोधाभास है। इसको लेकर सर्किल इंस्पेक्टर पीड़ित महिला से फिर से पूछताछ करेंगे। जिस वक्त वे घटनास्थल गए थे। महिला वहां मौजूद नहीं थीं। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दोनों पक्षों के बच्चों के बीच विवाद हुआ था। इसे बड़ा विवाद बनाकर तूल दिया जा रहा है। पीड़िता कई माह से अपना घर होते हुए भी गांव में ही किराये के मकान में रह रही थी। जांच रिपोर्ट पर डीएसपी ने बताया कि इंस्पेक्टर की जांच रिपोर्ट उनके पास नहीं आई है। सर्किल इंस्पेक्टर के साथ बोचहां पुलिस भी साथ में थी।






