Bihar : करीब दो दशक तक पटना का “10 सर्कुलर रोड” बंगले में रहनेवाली राबड़ी देवी को यह बंगला खाली करने का नोटिस जारी कर दिया गया है। खबर है कि भवन निर्माण विभाग ने यह सरकारी आवास अब मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है। सरकारी आदेश के अनुसार अब राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है। वहीं, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम को “10 सर्कुलर रोड” का बंगला दिया गया है।
बिहार की राजनीति का सबसे चर्चित पता
पटना का 10 सर्कुलर रोड सिर्फ एक सरकारी आवास नहीं रहा, यह वह जगह रही, जहां राजद की बड़ी रणनीतियां बनीं, अहम राजनीतिक बैठकों का दौर चला, चुनावी फैसले हुये और बिहार की राजनीति की कई बड़ी पटकथाएं लिखी गईं। लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की राजनीतिक पहचान के साथ यह पता सालों तक जुड़ा रहा। इसी वजह से अब इस बंगले का नया आवंटन राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
सरकारी आदेश जारी
भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकार की मंजूरी के बाद यह आवंटन किया गया है। आदेश पर संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी के हस्ताक्षर भी हैं। विभाग ने आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री सचिवालय, मंत्रिमंडल सचिवालय और संबंधित विभागों को भी भेज दी है। अब आगे आवास हस्तांतरण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जायेगी।
गाजियाबाद में जुटा था पूरा लालू परिवार
दिलचस्प बात यह है कि इन दिनों राबड़ी देवी गाजियाबाद में हैं। बीते 27 मई को उनके पोते इराज का पहला जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया, जिसमें पूरा लालू परिवार एक साथ नजर आया। गाजियाबाद के रागिनी विला में आयोजित इस समारोह में राजद के कई नेता भी शामिल हुये। सोशल मीडिया पर इस बर्थडे पार्टी की तस्वीरें और वीडियो भी खूब वायरल हुये।

इसे भी पढ़ें : “दिव्यांगों को उनका हक दिलाइये विधायक जी…”
इसे भी पढ़ें : रांची में ब्राउन शुगर का बड़ा खेल बेनकाब…
इसे भी पढ़ें : भारत की पहली Type-C चार्जिंग वाली स्मार्टवॉच लॉन्च… खासियत जानें
इसे भी पढ़ें : लालची बेटियों ने जिंदा पिता को कागजों में ‘मृत’ बना दिया, जानें क्यों…
इसे भी पढ़ें : 47 गेंदों में 96 रन ठोक IPL 2026 में चमके वैभव सूर्यवंशी…






