Mumbai : RBI (भारतीय रिजर्व बैंक) ने जानकारी दी कि 2000 रुपये के 98.21 प्रतिशत नोट अब तक बैंकिंग प्रणाली में वापस आ चुके हैं। 19 मई, 2023 को भारतीय रिजर्व बैंक ने 2000 रुपये के नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की थी। RBI ने कहा कि 19 मई 2023 को कारोबार बंद होने के समय तक 2000 रुपये के कुल मूल्यवर्ग के नोटों की संख्या 3.56 लाख करोड़ रुपये थी। अब तक, 31 मार्च 2025 तक, करीब 6,366 करोड़ रुपये के ऐसे नोट शेष बच गये हैं, जो जनता के पास हैं।
RBI ने यह भी बताया कि 2000 रुपये के नोट जमा करने और बदलने की सुविधा 7 अक्टूबर 2023 तक सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध थी, लेकिन अब यह सुविधा केवल रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है। वहीं, 9 अक्टूबर 2023 से RBI के निर्गम कार्यालय व्यक्तियों और संस्थाओं से इन नोटों को उनके बैंक खातों में जमा करने के लिये स्वीकार कर रहे हैं। इसके अलावा, आम लोग भारतीय डाक के माध्यम से देश के किसी भी डाकघर से 2000 रुपये के नोट भारतीय रिजर्व बैंक के किसी भी कार्यालय में भेजकर अपने बैंक खाते में जमा कर सकते हैं। RBI ने यह भी स्पष्ट किया कि 2000 रुपये के बैंक नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे।









