UP : पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुख्यात बदमाश हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। उसे तीन गोलियां लगी है। सीने में गोली लगने के चलते उसकी हालत नाजुक है। वाहन में मौजूद दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गये। सुरक्षा में चालक समेत छह पुलिसकर्मी थे। गोलियों की तड़तड़ाहट से फ्लाईओवर पर भगदड़ मच गई। यह दुस्साहसिक वारदात तब हुई जब विनय त्यागी को रुड़की कारागार से लक्सर ACJM कोर्ट में पेशी के लिये लाया जा रहा था। खबर है कि घात लगाये बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने मौका पाते ही पुलिस वाहन को निशाना बनाया। घटना को अंजाम देने के बाद कुछ ही पलों में बदमाश हथियार लहराते हुये भीड़ में गुम हो गये। बेतरह घायल विनय त्यागी को पहले लक्सर सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। पुलिस जांच में जुटी है। जख्मी हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी यूपी के मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के खाईखेड़ी गांव का रहनेवाला है।




