Ranchi : राजधानी रांची की तंग गलियों और मोहल्लों में अब अपराधियों की खैर नहीं। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने रांची पुलिस को 100 हाई स्पीड बाइकें मुहैया कराई हैं, जिनमें से 80 बाइकें पुलिस लाइन पहुंच चुकी हैं। बाक़ी 20 इस महीने के अंत तक मिल जायेंगी। इन बाइकों की क्षमता 150 सीसी है, जो तेज गति से गश्त और अपराधियों का पीछा करने में मददगार होंगी। SSP चंदन कुमार सिन्हा के मुताबिक, बाइक पेट्रोलिंग शहरी अपराधों पर नियंत्रण के लिए बेहद असरदार साबित हो रही है।
इन हाई स्पीड बाइकों का उपयोग ट्रैफिक कंट्रोल, टाइगर मोबाइल और हाईकोर्ट सुरक्षा समेत संवेदनशील इलाकों में किया जायेगा। जहां फोर व्हीलर पहुंच पाना मुश्किल होता है। टाइगर मोबाइल के लिए इस्तेमाल हो रही पुरानी बाइकें अब बूढ़ी हो चुकी थीं। वहीं, महिला सुरक्षा में लगी स्कूटी अभी भी अच्छी हालत में है और शक्ति कमांडो उसे इस्तेमाल करती रहेंगी। नई बाइकें अब ट्रैफिक जवानों और थानों की फोर्स को भी मुहैया कराई जायेंगी।












