Ranchi : रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को खराब मौसम के कारण पुणे और दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की दो फ्लाइट को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमानों ने वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इंडिगो की 6E 6484 पुणे-रांची फ्लाइट सुबह करीब 9:15 बजे 163 यात्रियों और 7 क्रू सदस्यों के साथ वाराणसी उतरी। वहीं, दिल्ली से रांची आ रही 6E 6370 सुबह करीब 10:16 बजे 216 यात्रियों और 6 क्रू सदस्यों के साथ वाराणसी पहुंची। इस फ्लाइट में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी सवार थे। वाराणसी में 64 यात्रियों ने उतरने का विकल्प चुना। बाकी यात्रियों को लेकर विमान करीब 12:40 बजे रांची के लिए रवाना हो गया। खराब मौसम के कारण दोनों फ्लाइट का रूट बदला गया। एयरलाइन ने यात्रियों के लिए जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था भी की।





