Hazaribagh : हजारीबाग के बड़कागांव में नशे के सौदागरों को तीखी चोट मिली है। राम जानकी मंदिर, गुरु चट्टी के पास पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते दो युवकों को अरेस्ट किया है। दोनों के पास से 29 पुड़िया ब्राउन शुगर, करीब 8 ग्राम नशीला पदार्थ और दो मोबाइल फोन बरामद हुये हैं। पुलिस को 24 सितंबर को सूचना मिली थी कि राम जानकी मंदिर के आसपास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना मिलते ही बड़कागांव SDPO के नेतृत्व में थाना प्रभारी और सशस्त्र बल की टीम ने इलाके में निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान मंदिर के पास एक पुराने जर्जर मकान के पीछे दो युवक संदिग्ध तरीके से कुछ लेन-देन करते नजर आये। पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने लगे। हालांकि, जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी में उनके पास से कागज की पुड़ियों में रखा ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों ने बड़कागांव इलाके में ब्राउन शुगर की पुड़िया बनाकर बेचने और मुनाफा कमाने की बात बताई। गिरफ्तार युवकों की पहचान सुनील कुमार राम (25) और रूपेश कुमार (19) के रूप में हुई है। दोनों बड़कागांव के अंबेडकर मोहल्ले के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में SDPO अमित आनंद, थानेदार दीपक कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार, राकेश खवास समेत सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे।





