Ranchi : झारखंड में अगले पांच रोज यानी 5 से 9 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 9 अक्टूबर के बीच झारखंड के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। खासकर गरज-चमक के दौरान वज्रपात की आशंका को देखते हुये लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पिछले दो दिनों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने के कारण राज्य में बारिश नहीं हुई। आसमान साफ रहा, जिसके चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई और लोगों को गर्मी के साथ उमस का सामना करना पड़ा।
पाकुड़ तपता रहा, लातेहार में सबसे ज्यादा ठंडक
पिछले 24 घंटे के दौरान पाकुड़ झारखंड का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी हवाओं का प्रवाह प्रतिचक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव में उत्तरी गुजरात और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान से होते हुये मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों तक बना हुआ है। इसी मौसमी बदलाव के बीच आने वाले दिनों में झारखंड के कई इलाकों में बादल, गरज, तेज हवा और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इधर शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा। आसमान में धूप खिली रही और फिलहाल बारिश के आसार नजर नहीं आये।





