Bihar : आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गुरुवार को बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति के मामले में उनकी पटना और बेगूसराय स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। EOU के मुताबिक अजय कुमार सिंह के खिलाफ 3 करोड़ 34 लाख 78 हजार 300 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। जांच में यह संपत्ति उनकी वैध आय से करीब 90.04% अधिक पाई गई है।
इन जगहों पर चल रही है रेड
छापेमारी जिन स्थानों पर की जा रही है, उनमें शामिल हैं:
-
खाजपुरा, पटना स्थित चंद्रतारा भवन (आकाशवाणी रोड)
-
मीठापुर स्थित बिहार ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन बोर्ड कार्यालय
-
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र स्थित परोर गांव का पैतृक घर
टीम दस्तावेजों के साथ बेसमेंट, पार्किंग और अन्य परिसरों की भी गहन जांच कर रही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस
EOU ने यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी पूरी होने के बाद जब्त दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।








