UP : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात हुई। एक युवक ने पहले अपनी बैंक अफसर पत्नी को ICICI बैंक के बाहर गोली मार दी। इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बीमार बहन की हत्या की और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतका दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थीं। वहीं पति मानस SBI बैंक में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार आरोपी मानस ने पत्नी को फोन कर बैंक से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई और फिर उसने गोली चला दी। गंभीर हालत में दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर पहुंचते ही दूसरी वारदात
पत्नी की हत्या के बाद मानस हुसड़िया स्थित अपने किराये के घर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह घबराया हुआ और पसीने से भीगा था। कमरे का दरवाजा बंद करने के कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज आई। अंदर उसकी बहन शीबा बाजपेई और मानस दोनों मृत मिले। पुलिस को आरोपी का एक व्हाट्सऐप स्टेटस मिला है, जिसमें उसने पत्नी की हत्या और आत्महत्या जैसी बातें लिखी थीं। अधिकारियों का कहना है कि स्टेटस की फॉरेंसिक जांच की जा रही है और इसकी सत्यता व परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फोरेंसिक टीम, पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पूरे मामले की जांच जारी है।








