Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव थानेदार मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।ACB के मुताबिक एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि थाने में दर्ज मुकदमे में मदद करने के बदले थाना प्रभारी पैसे मांग रहे हैं। ब्यूरो ने पहले शिकायत का सत्यापन किया, फिर ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे शिकायतकर्ता 15 हजार रुपये लेकर थाना प्रभारी के पास पहुंचा। जैसे ही मनीष कुमार ने रिश्वत की रकम ली, पहले से जाल बिछाये बैठे ACB अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने नकदी भी बरामद कर ली। पश्चिमी सिंहभूम के SP अमित रेणु ने कहा कि ACB की कार्रवाई की जानकारी मिली है। यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं तो आरोपी अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जायेगी। अब ACB आरोपी थाना प्रभारी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।








