Kohramlive : IPL 2026 की तैयारियों से पहले राजस्थान रॉयल्स को करारा झटका लगा है। टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने न सिर्फ अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, बल्कि फ्रैंचाइज़ी की ओर से ऑफर की गई बड़ी भूमिका को भी ठुकरा दिया है। टीम इंडिया को 2024 T20 वर्ल्ड कप जिताने के बाद द्रविड़ को सितंबर 2024 में RR का मुख्य कोच बनाया गया था। लेकिन IPL 2025 में टीम के बेहद खराब प्रदर्शन—14 में से सिर्फ 4 जीत और पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान ने समीकरण बिगाड़ दिये। हाल ही में टीम की आंतरिक समीक्षा के बाद जब द्रविड़ को फ्रैंचाइज़ी में बड़ी भूमिका की पेशकश हुई, तो उन्होंने विनम्रता से मना कर दिया।
राजस्थान रॉयल्स ने बयान जारी कर कहा, “राहुल हमारे सफर के अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उनके नेतृत्व ने खिलाड़ियों को निखारा और टीम संस्कृति को नई दिशा दी। हम उनके योगदान के लिए दिल से आभार जताते हैं।”
IPL 2026 की मेगा नीलामी से पहले कोच पद छोड़ने वाले द्रविड़ दूसरे बड़े नाम हैं। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी चंद्रकांत पंडित से नाता तोड़ लिया था, जिन्होंने 2024 में टीम को खिताब दिलाया था। गौरतलब है कि राहुल द्रविड़ का RR से पुराना नाता रहा है—2012-13 में कप्तान, 2014-15 में मेंटर और 2025 में हेड कोच के तौर पर। लेकिन 2025 के सीज़न के दौरान मतभेदों की खबरों के बीच अब उनका यह अध्याय खत्म हो गया है।
इसे भी पढ़ें : भज्जी का थप्पड़ और श्रीसंत की आंखों से छलकते आंसू, बड़ा खुलासा… जानें












