- रांची के सुंदरीकरण के लिए 84 करोड़ की परियोजनाओं का सीएम ने किया शिलान्यास
- मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल स्थित जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए
RANCHI : रांची शहर के सर्वांगीण विकास में सरकार के साथ-साथ आम जनता की सहभागिता जरूरी है। सरकार की विकास योजनाएं अनवरत चलती रहती हैं, परंतु इन योजनाओं का लाभ हमें तभी पूर्ण रूप से मिलेगा,जब हम जागरूक होकर सरकार के उद्देश्यों को पूरा करने में अपनी महती भूमिका निभाएं। रांची शहर झारखंड की राजधानी है। राजधानी की छवि से पूरे राज्य की छवि बनती है। आज यहां 84 करोड़ की लागत से रांची शहर के सुंदरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास हो रहा है। यह बातें मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आयोजित रांची शहर के विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।
Read more: Today’s History, 23 July : जानें आज का इतिहास…
स्टेडियम और बड़ा तालाब का कायाकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची के बीचों-बीच स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम एवं बड़ा तालाब का कायाकल्प कर आकर्षक रूप प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। जो लोग बाहर से रांची आते हैं वे एक बार जरूर इन जगहों पर घूमने पधारें। इस सोच के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ रही है।

समस्याओं के जिम्मेदार हम होंगे तो समाधान भी हमें ही ढूंढने पड़ेंगे
सीएम ने कहा कि विकास योजनाओं का स्वरूप पर्यावरण के साथ समन्वय स्थापित कर तैयार करें। हमारे कारणों से समस्याएं उत्पन्न होंगी तो उसका समाधान भी हमें ही ढूंढने की जरूरत है। बेमौसम बारिश, बेमौसम कहीं बाढ़, कहीं तूफान, कहीं महामारी ये सब पर्यावरण से छेड़छाड़ अथवा दोहन का उदाहरण है। आज से 25-30 साल पहले की रांची का वातावरण और वर्तमान समय में रांची का वातावरण में काफी अंतर दिखाई पड़ता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि शहर के अंदर खाली जमीनों पर वृक्ष लगाकर शहर को हरा-भरा बनाया जाए इस निमित्त विभाग को निर्देशित भी किया गया है। मेरी सोच है कि कोई भी सरकारी अथवा निजी कार्यक्रमों में उपहार स्वरूप बुके देने की परिपाटी को समाप्त कर उपहार स्वरूप पौधा देने की परिपाटी की शुरुआत की जानी चाहिए।
Read more: जानिए Zomato के CEO ने क्यों कहा, थैक्यू जियो

छोटी-छोटी चीजों से बड़े बदलाव संभव
हेमंत सोरेन ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि रांची शहर के सुंदरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण में आपसभी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। रांची शहर में अभी भी कई ऐसे वार्ड, गली-मोहल्ले हैं जहां सड़कें काफी संकीर्ण हैं। सड़कें पतली और संकीर्ण होने से छोटी-छोटी गाड़ियां भी गली मोहल्लों में नहीं पहुंच पाती हैं। शहरवासी इन समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहें तथा अपने-अपने घरों के सामने स्वेछापूर्वक कुछ भूमि छोड़कर गृह निर्माण करें, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके। छोटी-छोटी चीजों का ख्याल रखकर ही बड़े बदलाव किए जा सकेंगे।
रांची शहर में बढ़ रहा जनसंख्या का दबाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची शहर में जनसंख्या का दबाव काफी तेजी से बढ़ा है। जनसंख्या के हिसाब से सड़कों पर गाड़ियां भी अधिक हो गई हैं। हल्की बरसात में सड़कों पर पानी बहने लगता है, हल्की तूफान से बिजली कट जाती है। रांची शहर के विकास कार्यों में तेजी के साथ-साथ हर पहलुओं पर पैनी नजर रखने की आवश्यकता है। हम सभी लोग एकजुट होकर ही विकास कार्यों को मूर्त रूप दे सकेंगे। समस्याओं का समाधान आपसी समन्वय और समझदारी दिखाकर करें तभी चीजें सुधरेंगी।

Read more: नींद खुली तो घर में दिखा अनजान शख्स…
विकास परियोजनाओं में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित
सीएम ने कहा कि रांची शहर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास आज 84 करोड़ रुपए की लागत से हो रहा है। मेरा मानना है कि इन विकास परियोजनाओं की राशि का सही तरीके से उपयोग किया जाए तो यह राशि हजार करोड़ के बराबर हो सकती है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास परियोजनाओं पर लापरवाही करने वाले लोगों को किसी भी हाल में बक्शा नहीं जाएगा। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संक्रमण काल में राज्यवासियों ने धैर्य का परिचय दिया
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के गरीब-गुरबा, मजदूर वर्ग के लोग हतोत्साहित न हों, इसके लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। राज्यवासी एवं रांचीवासियों ने संक्रमण काल में धैर्य का परिचय दिया है। यहां के लोग धन्यवाद के पात्र हैं। सभी लोगों के सहयोग से संक्रमण काल में राज्य को विकट परिस्थिति से बचाया गया है। आने वाली चुनौतियों के लिए भी हमसबों को तैयार रहने की आवश्यकता है।
Read more: DRDO ने तीन दिन में दूसरी बार किया Akash-NG मिसाइल का सफल परीक्षण
इन्होंने भी किया संबोधित
इस अवसर पर रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जयसवाल एवं उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय ने भी संबोधित किया। मौके पर नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे, नगर आयुक्त मुकेश कुमार सहित रांची के विभिन्न वार्ड पार्षद एवं अन्य लोग उपस्थित थे।













