Sahibganj : साहिबगंज में हुये दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। मंगलवार को तालबन्ना निवासी सनोज यादव और शोभनपुर भट्ठा निवासी बादल यादव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोनों दोस्तों की अंतिम यात्रा में सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुये। मृतक सनोज कुमार यादव के पिता कुंवर यादव ने रोते हुये मीडिया को बताया कि उनके बेटे की दो दिन बाद सगाई होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक हुये हादसे ने सब कुछ छीन लिया। पिता की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। वे बार-बार बस यही कहते रहे “किसे पता था कि सगाई की तैयारी के बीच बेटे की अर्थी उठेगी”।बादल यादव के अंतिम संस्कार के दौरान माहौल और भी दर्दनाक हो गया। जब लोग अर्थी उठाने लगे तो उसकी बहन की कारूण पुकार और हालत देख वहां खड़े लोगों के आंखों में आंसू आ गये। वहीं बादल की मां गहरे सदमे में चुपचाप बैठी अपने बेटे की जुदाई का दर्द सहती नजर आई। घटना के बारे में बताया गया कि बीती देर रात दोनों युवक एक शादी समारोह में भोज खाने जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पेड़ से टकरा गई, हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह तालबन्ना दुर्गा मंदिर के पास National Highway 80 पर शव रखकर कुछ समय के लिये सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया जाये। परिवार को सरकारी सहायता मिले। जाम की सूचना मिलने पर मुफस्सिल के थानेदार अनीश पांडेय मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अंचल अधिकारी बासुकीनाथ टुडू के निर्देश पर अंचल कार्यालय के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। प्रशासन की ओर से सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया गया।

इसे भी पढ़ें : हवाई सफर महंगा, गैस संकट से होटल-रेस्तरां पर भी आफत…








