Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के 20 प्रखंडों के 360 गांवों के 805 टोला के 14128 घरों में बिजली पहुंचाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। मुख्यमंत्री उज्जवल झारखंड योजना के तहत ये काम होगा। वहीं, इसी योजना के तहत गढ़वा के कुछ गांवों में बिजली पोल और तार लगाने का काम शुरू हो चुका है। यह जानकारी जिला परिषद की हुई मासिक बैठक में विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने दी। जिला परिषद के अध्यक्ष शांति देवी की अध्यक्षता में मेराल की जिला परिषद सदस्य विनिया द्वारा उठाये गये एक सवाल पर यह जवाब आया। सुखवाना गांव में जले ट्रांसफार्मर के बारे में बताया गया कि उसे ठीक कर दिया गया है।
जिला परिषद सदस्यों ने गढ़वा में बालू उठाव में हो रही गड़बड़ी पर सवाल उठाया गया। वहीं, बालू की कमी को लेकर हो रही परेशानी को भी फोकस किया गया। इसपर बैठक में जानकारी दी गई कि गढ़वा में 20 बालू घाट संचालित है। पंचायत के मुखिया द्वारा 100 रुपया ट्रैक्टर बालू उपलब्ध कराया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग के तहत चलाये जा रहे सर्वजन पेंशन योजना पर सवाल उठाते हुये सदन को अवगत कराया गया कि 153 लाभुकों का अबतक पेंशन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसपर सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा सभी लाभुकों की सूची उपलब्ध कराने की बात कही गई।
शिक्षा विभाग के तहत बिशनपुरा, गढ़वा, सगमा, धुरकी, मंझीआंव समेत अन्य प्रखंडों के स्कूलों एवं कॉलेज के खराब हालत को ठीक करने पर जोर दिया गया। इसी तरह विभिन्न प्रखंडों में लगाये गये जलमीनार एवं चापानलों को ठीक-ठाक करने पर जोर दिया गया। वहीं, बैठक में स्वास्थ्य विभाग, भूमि संरक्षण, पशुपालन, मत्स्य, आपूर्ति, समाज कल्याण, कल्याण समेत अन्य विभागों द्वारा चलाये जा रहे जन कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने को कहा गया। गढ़वा में मनरेगा के तहत कराये जा रहे योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत की गई। इल्जाम लगाया गया कि सारा काम कागजों पर ही हो रहा है, वहीं फर्जी निकासी जोर-शोर से की जा रही है। जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी द्वारा डाक बंगला भवन और नगर परिषद गढ़वा में स्थित पार्क को जिला परिषद गढ़वा को हैंड ओवर करने की मांग की गई। वहीं, तीन साल से अधिक समय से यहां जमे पड़े लोगों का तबादला करने की मांग रखी गई।
बैठक में गढ़वा जिला परिषद के उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव एवं विभिन्न जिला परिषद सदस्य, विभिन्न प्रखंड प्रमुख, जिला स्तर के सभी संबंधित पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।








