Ranchi : रांची की गलियों में उत्सव की आहट है। मां दुर्गा के स्वागत की तैयारी में शहर रंगने लगा है। इसी बीच समाहरणालय स्थित सभागार में एक अहम बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री ने की। उनकी आवाज में वही सख्ती और वही अपनापन झलक रहा था, उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “त्योहार आम नागरिकों के लिये होते हैं। हमारी जरा-सी लापरवाही उनकी खुशियों में बाधा बन सकती है। इसलिये सभी अधिकारी सामूहिक जिम्मेवारी के साथ टीम वर्क में पूरी निष्ठा से कार्य करें। त्योहार के दौरान कोई भी छुट्टी पर न जायें।” त्योहार के दिनों में रांची की सड़कों पर भीड़ उमड़ती है। DC ने सदर SDO को स्पष्ट निर्देश दिया कि ट्रैफिक SP और नगर निगम अधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर व्यवस्था सुनिश्चित करें। हर सड़क दुरुस्त हो, स्ट्रीट लाइटें जगमगायें। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग सख्ती से बंद हो। पूजा पंडाल तय मानकों के अनुसार बनें, जिनका निरीक्षण प्रशासन की टीम करेगी।
अग्निशमन विभाग को हर पंडाल के पास सुरक्षा इंतजाम करने का आदेश मिला। बिजली विभाग को कहा गया, “जर्जर तार, ट्रांसफॉर्मर और खंभों की मरम्मत तुरंत करें, ताकि अंधेरा कहीं भी उत्सव की चमक को न ढक पाये।” सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और प्राथमिक उपचार उपलब्ध रहें। जिला एवं प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचे। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को कहा गया कि हर पंडाल और भीड़भाड़ वाले इलाके में शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो। अस्थायी टैंकरों की भी व्यवस्था की जायेगी। प्रशासन ने एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्णय लिया है, जिसमें जिला प्रशासन, पूजा समिति और सभी संबद्ध विभाग जुड़े रहेंगे। हर निर्देश तत्काल साझा होगा और सोशल मीडिया पर नजर रखकर अफवाहों को रोका जायेगा।
जगमगाते पंडालों के बीच जब लोग मां दुर्गा की आराधना करेंगे, तब कहीं न कहीं DC मंजूनाथ भजन्त्री की मेहनत और प्रशासनिक सख्ती साफ झलकेगी।




