Bihar : बिहार के मोतिहारी जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गोविंदगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में पोखर में डूबने से एक ही परिवार के पांच सदस्य काल के गाल में समा गये। मृतकों में एक महिला और उसके चार बच्चे शामिल हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। मृत महिला की पहचान बाभनौली पंचायत निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते पोखर के किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और हर चेहरे पर चिंता साफ नजर आने लगी।
चार शव बरामद, पांचवें की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम
प्रशासन, पुलिस और गोताखोरों की टीम ने अब तक चार शव बरामद कर लिये हैं, जबकि पांचवें की तलाश लगातार जारी है। बरामद शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है। घटना आखिर कैसे हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है। स्थानीय लोगों के बीच अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीण इसे पारिवारिक विवाद से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि महिला अपने बच्चों के साथ पशुओं के लिये चारा काटने गई थी और उसी दौरान किसी कारणवश सभी पोखर में डूब गये। फिलहाल इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौैके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने मीडिया से कहा कि अभी घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।















