Bihar : बिहार के गया में पुलिस ने उस कुख्यात नाम पर आखिर शिकंजा कस दिया, जिसकी दहशत से अपराध जगत भी सहमा रहता था। 50 हजार के इनामी कॉन्ट्रैक्ट किलर अमर कुमार उर्फ बाबा को पुलिस ने गया रेलवे स्टेशन से दबोच लिया। लंबे समय से फरार यह अपराधी पिछले एक साल से पुलिस को चकमा दे रहा था और जिले के टॉप-10 मोस्ट वॉन्टेड की सूची में शामिल था। अमर कुमार पर हत्या, लूट और कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। दिसंबर 2024 में बोधी बीघा में एक महिला की हत्या में उसने 35 हजार की सुपारी लेकर गोलियां चलाई थीं। इससे पहले एसएच-69 पर हुये लूटकांड में उसने एक महिला को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस मामले में उसका साथी आकाश पहले ही पकड़ा जा चुका है।
SSP के निर्देश पर DSP कमलेश कुमार की अगुवाई में बनी विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर अमर को रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के वक्त वह फरार होने की तैयारी में था। अमर की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, क्योंकि वह जिले में “कॉन्ट्रैक्ट किलिंग” का कुख्यात चेहरा बन चुका था। पुलिस अब उसके बाकी साथियों की तलाश तेज कर चुकी है। DSP कमलेश कुमार के मुताबिक, “इनामी अपराधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चल रहा है। 50 हजार का इनामी अमर कुमार गिरफ्तार होने से बड़ी राहत मिली है।”






