Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में शराब माफियाओं पर पुलिस ने करारी चोट की है। अनगड़ा थाना क्षेत्र के राजाडेरा गांव में चल रहे नकली विदेशी शराब के धंधे का खुलासा करते हुये पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस छापेमारी में भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, स्प्रिट, कैमिकल, नकली रैपर और मुहरें बरामद हुईं, जिनसे वर्षों से शराब की काली दुकानदारी चल रही थी। बीती रात, जब ज्यादातर लोग अपने घरों में चैन की नींद सो रहे थे, तभी पुलिस के कानों तक यह खबर पहुंची कि राजाडेरा के एक बंद पड़े स्कूल भवन में नकली शराब की फैक्ट्री चल रही है। सूचना मिलते ही रांची पुलिस कप्तान के आदेश पर रूरल SP की देखरेख में सिल्ली के DSP के नेतृत्व में स्पेशल टीम गठित की गई। टीम ने जैसे ही धावा बोला, संतोष कुमार साहू, सुरज कुमार ठाकुर और शिवम कुमार शराब तैयार करते रंगे हाथ पकड़े गये। पवन कुमार महतो (राजाडेरा, थाना अनगड़ा) एवं लखन साहू (डाहेटोली, थाना पिठोरिया) भी धरे गये।

खुला ठेका जैसा नजारा
पुलिस ने जब कमरे खंगाले, तो नजारा किसी विदेशी शराब की गोदाम से कम नहीं था। 3COINS, Sterling Reserve, Mc Dowell’s, Royal Challenge, Royal Stag, 8 PM समेत कई ब्रांड की बोतलें मिली। दर्जनों लीटर स्प्रिट, कैमिकल, नकली रैपर और सील मिले। आर्मी कैंटीन की नकली मुहरें मिली। शराब बनाने की मशीनें और मापने वाले यंत्र भी मिले। यह सब देखकर पुलिस टीम भी दंग रह गई।

संतोष का इकबाल-ए-जुर्म
गिरफ्तार संतोष साहू ने पुलिस पूछताछ में कबूला कि वह 2018 से इस धंधे में है और पहले भी कई बार जेल जा चुका है। उसकी निशानदेही पर पिठोरिया के डाहेटोली गांव में लखन साहू के मकान से भी नकली शराब का जखीरा मिला।

इसे भी पढ़ें : जब बेटियों ने थामा अपना हक, झारखंड ने की एक नई शुरुआत










