Ranchi : रांची से सटे नामकुम के हाईटेंशन ग्राउंड स्थित खंडहर भवन के पास पुलिस ने दो युवकों को दबोच लिया। तलाशी में एक के कमर के पीछे छिपा लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां मिली। वहीं, मौके से दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। दोनों युवक कथित तौर पर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे। कार्रवाई 2 अक्टूबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। रांची पुलिस कप्तान को सूचना मिली थी कि छोटु उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन अपने सहयोगियों के साथ हाईटेंशन ग्राउंड के पास स्थित एक खंडहर भवन में हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ किसी वारदात की योजना बना रहा है। इसके बाद गठित स्पेशल टीम जब खंडहर के पास पहुंची तो वहां एक यामाहा FZ और एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली। दोनों वाहनों पर एक-एक युवक बैठकर बातचीत कर रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस और सशस्त्र बलों ने उन्हें पकड़ लिया।
कमर में छिपा रखा था पिस्टल, मैगजीन में तीन गोलियां
पूछताछ में पकड़े गये युवकों की पहचान छोटु उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन और फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटु के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान छोटु के कमर के पीछे बाईं ओर खोसा हुआ एक पिस्टल, मैगजीन और तीन जिंदा गोलियां मिली। कारतूस के पेंदे पर KF 7.65 लिखा होने की बात पुलिस ने कही है। मौके से दो मोटरसाइकिल यामाहा FZ (JH-02BD-4001) एवं बुलेट (JH01DK-8438) भी जब्त की गईं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि यामाहा FZ को हिंदपीढ़ी और बुलेट मोटरसाइकिल को इसी वर्ष अगस्त में मौलाना आजाद कॉलोनी से चोरी किया गया था। पुलिस का यह भी कहना है कि पूछताछ में हथियार का इस्तेमाल छिनतई और लूटपाट की घटनाओं में करने की बात सामने आई है। इन दावों की जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों बदमाशों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। छोटु उर्फ गुरफान खान के खिलाफ नामकुम, हिंदपीढ़ी, सदर, लोअर बाजार, लालपुर, कोतवाली, पुंदाग, अरगोड़ा और रातू थाना क्षेत्रों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और छिनतई से जुड़े कुल 17 मामले दर्ज हैं। वहीं, फरमान अंसारी के खिलाफ जगन्नाथपुर, अरगोड़ा और डेली मार्केट थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी और छिनतई से जुड़े चार मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।





