Sahibganj : होली के दिन एक दोस्त के साथ मौज-मस्ती और पार्टी करने गये पांडव मंडल की हत्या कर दी गई। उसकी कनपट्टी में सटाकर गोली मार दी गई, वहीं उसकी एक आंख को भी फोड़ दिया गया। जिस कार से पांडव मंडल अपने दोस्त के साथ निकला था, उसी कार के अंदर वह लहुलूहान हालत में मिला। उसे जल्दी-जल्दी राजमहल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सॉरी बोल दिया। मारा गया पांडव मंडल साहिबगंज के राजमहल थाना क्षेत्र के मलाहीटोला का रहनेवाला था। उसके पिता का नाम दादाराम मंडल बताया गया। होली का जश्न मनाने वह अपने दोस्तों के साथ घर से दूर कहीं गया था।
मारे गये पांडव मंडल के छोटे भाई छक्कू मंडल ने पुलिस और मीडिया को बताया कि बीते सोमवार को दिन के 11 बजे उसी के गांव में रहनेवाला सुबेश कुमार मंडल अपनी कार लेकर उसके घर आया। सुबेश उसके भाई पांडव का दोस्त है। पांडव उसी के साथ कार में बैठकर चला गया। जल्दबाजी में पांडव का मोबाइल घर में ही छूट गया था। जिसके चलते घरवालों का कोई संपर्क उससे नहीं हो रहा था। करीब पांच घंटे के बाद दिन के 4 बजे उसके दोस्त की कार को घर के पास ही देखा गया। जब कुछ लोगों ने कार के अंदर झांका तो सब दंग रह गये। खून से लथपथ पांडव मंडल कार के अंदर पड़ा था। कार खोलकर उसे बाहर निकाला गया, पर उसे बचाया नहीं जा सका। उसकी हत्या किसने और क्यों की है, इसका खुलासा अबतक पुलिस नहीं कर पाई है। गिरफ्तार सुबेश मंडल ने हत्या में अपनी संलिप्ता स्वीकार कर ली है। उसके पास से इस्तेमाल किया हुआ पिस्टल, तीन कारतूस, सफेद मारुती, सीट के अगले भाग से गोली का खोखा, कार में बिखरा पड़ा खून का सैंपल लिया गया है। पैसे के लेनदेन में हत्या को अंजाम दिया गया।








