Ranchi: डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज्म विभाग में फोटोग्राफी प्रदर्शनी फोटो जतरा की शुरुआत शनिवार को हुई। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर विवि की रजिस्ट्रार डॉ. नमिता सिंह उपस्थित हुईं। उनके साथ विभाग के निदेशक डॉ. मोहम्मद अयूब और डीएसडबल्यू डॉ. अशोक महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।
दो दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में विवि के सभी विभागों से छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की खींची तस्वीरें प्रदर्शित की गयीं। रविवार को तस्वीरों का मूल्यांकन निर्णायक मंडली द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में रजिस्ट्रार डॉ. नमिता सिंह ने कहा कि सभी छात्रों ने बहुत सराहनीय प्रयास किया है। तस्वीरें बेहद सुंदर और आकर्षक हैं। उन्होंने उद्घाटन के बाद गैलरी में लगी सभी तस्वीरें देखी और कहा कि नया विभाग प्रगति कर रहा है।
मास कम्यूनिकेशन विभाग का नाम राष्ट्रीय फलक पर स्थापित हो, ऐसी उनकी शुभकामनाएं हैं। विभाग के निदेशक द्वारा रजिस्ट्रार को चीनी मिट्टी का एक गमला भेंट किया गया। विभाग के निदेशक ने कहा कि प्रदर्शनी का पूरा श्रेय विभाग के बच्चों को जाता है। बच्चों ने इसकी पहल की और अब वे ही विभिन्न टीमों द्वारा इसका कुशल क्रियान्वयन भी कर रहे हैं। निदेशक डॉ. मोहम्मद अयूब ने बताया कि 2019 में महज 25 विद्यार्थियों से डिपार्टमेंट की शुरुआत की गई थी, आज विभाग में 200 बच्चें हैं।
विभाग को भारत के सबसे बेहतरीन संस्थानों में से एक बनाना है, जहां बड़े फिल्ममेकर और बड़े पत्रकारों से छात्रों का संपर्क रहे.डीएसडब्ल्यू डॉ. अशोक महतो ने प्रदर्शनी में लगी तस्वीरों की तारीफ की और कहा कि विभाग के छात्रों ने इस कार्यक्रम के लिए खूब मेहनत की है।
दिन भर चली प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के छात्र आए और तस्वीरों को देखा। तस्वीरों के चारो तरफ लोगों की टिप्पणी अथवा कैप्शन के लिए जगह छोड़ी गई है, उनपर लोगों ने अपनी तरफ से फीडबैक दिए। छात्रों ने बताया कि प्रदर्शनी में लगी सभी तस्वीरें बेहद खूबसूरत हैं। किसी को नेचर, किसी को स्ट्रीट फोटोग्राफी तो किसी को ट्राइबल लाइफस्टाइल की तस्वीरें पसंद आयीं। छात्रों के साथ विवि के शिक्षकों ने भी प्रदर्शनी में लगी तस्वीरें देखीं और पसंद किया। बता दें कि फोटोग्राफी प्रदर्शनी फोटो जतरा का समापन 12 सितंबर को होगा। अंतिम दिन प्रदर्शनी में लगी बेहतरीन तीन तस्वीरों को चयन किया जाएगा। शेष सभी लोगों को सर्टिफिकेट दिया जाएगा।








