Chouparan(Krishna Paswan) : चौपारण की दनुआ घाटी… जहां सड़क का हर मोड़ मानो सांस रोक कर गुजरने को मजबूर करता है। रविवार रात 8 बजे, इसी घाटी के खतरनाक मोड़ पर एक तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर ने संतुलन खो दिया और धड़ाम से पलट गया। हवा में पेट्रोल की गंध फैलते ही खतरे का साया गहरा गया। थानेदार सरोज सिंह चौधरी, जैसे मौत को मात देने का इरादा लेकर, अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एक पल भी गंवाये बिना फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। चिंगारी की हल्की सी आहट को भी रोकने के लिए पानी की बौछार और सुरक्षा घेरे ने आग की संभावना को मिटा दिया।
एनएच-19 का ट्रैफिक थमाया गया, राहगीरों को दूर किया गया, और हर सांस में तनाव का वजन महसूस हो रहा था। लेकिन पुलिस की सजगता और त्वरित कदमों ने वह करिश्मा कर दिखाया न आग लगी, न जान गई, न घाटी ने किसी को अपना शिकार बनाया। गांव वालों ने राहत की सांस ली… और दनुआ घाटी, जो अपनी खतरनाक पहचान के लिए मशहूर है, इस रात पुलिस की वीरता की गवाह बन गई।












