UP : उत्तर प्रदेश भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। CM योगी आदित्यनाथ उनके प्रस्तावक बने। इस मौके पर दोनों डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ मंत्री और नेता मौजूद रहे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, रविवार को लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, लखनऊ में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल नये प्रदेश अध्यक्ष के नाम का औपचारिक ऐलान करेंगे। दोपहर एक बजे पंकज चौधरी, पीयूष गोयल और विनोद तावड़े के साथ लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए सभी सांसदों को बुलाया गया है, अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।
पंकज चौधरी के बारे में…
पंकज चौधरी कुर्मी (OBC) समुदाय से आते हैं, जो यूपी की राजनीति में अहम वोट बैंक माना जाता है। 1989 में गोरखपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में राजनीति में कदम रखने वाले पंकज चौधरी 1991 में पहली बार महराजगंज से सांसद बने। इसके बाद वे कई बार लोकसभा पहुंचे और 2014 से लगातार सांसद हैं। कुर्मी समाज में मजबूत पकड़ और अन्य बिरादरियों में प्रभाव के चलते उन्हें एक सशक्त संगठनात्मक नेता माना जाता है। जिला पंचायत और स्थानीय राजनीति में उनके परिवार का लंबे समय से प्रभाव रहा है, जिसने उन्हें पूर्वांचल की राजनीति में एक मजबूत चेहरा बनाया है।






