Ranchi : रांची के राहे CO (अंचलाधिकारी) को हाइवा से कुचलने का हुक्म देने वाला यशवंत कुमार महतो धरा गया। उसे राहे के मां गंगा होटल से गिरफ्तार किया गया। CO (अंचलाधिकारी) ने अवैध बालू लदा एक हाइवा को पकड़ा था। तभी यशवंत अपने एक दोस्त के साथ आ धमका। ड्राइवर को हुक्म दिया कि जो भी सामने आये गाड़ी उस पर चढ़ा दो। इल्जाम है कि ड्राइवर ने हाइवा से सीओ को रौंदने की कोशिश की। किसी तरह सीओ बच गये और सोनाहातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। घटना बीते एक फरवरी की रात करीब साढ़े 11 बजे की है।
दर्ज प्राथमिकी में राहे सीओ ने बताया कि इंफॉरमेशन मिली थी कि सिल्ली बुंडू रास्ते से अवैध बालू और गिट्टी ढोया जा रहा है। मिले इंफॉरमेशन पर सीओ अपने ड्राइवर के साथ राहे थाना जाने के लिए निकल पड़े। इसी दौरान एक हाइवा आते दिखा। उसे रोका गया। अंदर झांका तो उसपर अवैध बालू लोड था। थानेदार को फोन मिलाने लगे, तबतक एक ऑल्टो कार वहां आकर रुकी। कार से यशवंत कुमार महतो और उसका एक साथी बाहर निकला। गाली-गलौज और धक्का मुक्की करने लगा। हाइवा के ड्राइवर को हुक्म दिया… जो भी सामने आता है उसपर गाड़ी चढ़ा दो। यशवंत का हुक्म सुनते ही ड्राइवर हाइवा बढ़ाने लगा। सीओ को कुचलने की कोशिश की। वहीं, यशवंत और उसका साथी भाग निकले। किसी तरह जान बचाकर सीओ राहे ओपी पहुंचे और मामला दर्ज कराया।
इस दुस्साहसिक वारदात को रांची पुलिस कप्तान किशोर कौशल ने काफी गंभीरता से लिया। रूरल एसपी नौशाद आलम की देखरेख में एक टीम गठित की गई। बुंडू एसडीपीओ अजय कुमार टीम को लीड कर रहे थे। टीम ने छापेमारी की और यशवंत पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसे राहे के सिसिटांड मोड के मां गंगा होटल से दबोचा गया। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वहीं पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वारदात के बाद वह काफी डर गया था। ड्राइवर को गाड़ी छुपाने के लिए बोलकर भाग गया था। रुरल एसपी मो नौशाद आलम ने बताया कि हाइवा के ड्राइवर को आइडेंटिफाई कर लिया गया है। जल्द ही वह भी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
यशवंत को दबोचने में बुंडू एसडीपीओ अजय कुमार, सोनाहातू इंस्पेक्टर रमेश कुमार, राहे ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान, एसआई विगेश कुमार राय, एएसआई राम पुकार बैठा, राज कपूर, हवलदार सुकरा उरांव, सिपाही रंजीत कुमार, सुखसागर राय और पुरुषोत्तम कुमार की सराहनीय भुमिका रही।
इसे भी पढ़ें : बंद कमरे में मिली लीजेंडरी सिंगर वाणी जयराम की डेड बॉडी… देखें
इसे भी पढ़ें : रांची में शादी से पहले मारा गया होने वाला दूल्हा… देखें








