Ranchi (Rupam) : सुशील उरांव के बैंक खाते से 2 लाख 3 हजार 617 रुपये उड़ा लेने वाले साईबर अपराधी 22 साल के शमशाद नुरानी और 24 साल के कदम रसूल उर्फ छोटका को सीआईडी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों को देवघर से पकड़ा गया। सदर थाना क्षेत्र के बड़गाई बस्ती में रहनेवाले सुशील उरांव ने इसी साल 1 फरवरी को साईबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पकड़े गये साईबर अपराधियों के पास से कई मोबाइल फोन और बैंकों के दस्तावेज मिले हैं।
सीआईडी के एसपी एस कार्तिक ने उक्त कांड का खुलासा करते हुए बताया कि अपराधी olx फ्रॉड, ओटीपी फ्रॉड के साथ मोबाइल हैकिंग के जरिए भी साइबर फ्रॉड की वारदात को अंजाम देते थे। गूगल पर भी कस्टमर केयर का नंबर देकर लोगों को अपने झांसे में आसानी से ले लेते थे। सुशील उरांव के खाते से साईबर अपराधियों ने एनीडेस्क एप्लीकेशन डाउनलोड करवा कर उनके खाते से दो लाख तीन हजार गायब कर दिए। मामला दर्ज होने के बाद सीआईडी की टीम जब जांच में जुटी तो खुलासा हुआ कि रुपये की निकासी देवघर से की गई है, इसके बाद सीआईडी की टीम ने टेक्निकल सेल की मदद से उक्त दोनों साईबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये दोनों जालसाज केवल 8 वीं और 10 वीं पास है। सुनें क्या बोले एसपी एस कार्तिक…








