Hazaribagh(Sunil Sahu) : NTPC माइनिंग लिमिटेड ने आज एक अहम उपलब्धि दर्ज करते हुये पकरी बरवाडीह नॉर्थ वेस्ट (PB-NW) कोयला खनन परियोजना से कोयला प्रेषण गतिविधि की औपचारिक शुरुआत की। माइन व्यू प्वाइंट से पहले ट्रक को हरी झंडी दिखाकर इसके डिस्पैच की शुरुआत की गई, जिसे कंपनी के लिये एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है। कार्यक्रम में NTPC लिमिटेड और NTPC माइनिंग लिमिटेड के निदेशक मंडल, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (खनन) एवं CEO, एनएमएल सहित कोयला खनन मुख्यालय की टीम वर्चुअली शामिल हुई। मौके पर पकरी बरवाडीह, पीबी नॉर्थवेस्ट, चट्टीबारियातू, केरेडारी और हजारीबाग क्षेत्र की अन्य कोयला खनन परियोजनाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
PB-NW परियोजना में 138.96 मिलियन मीट्रिक टन खननयोग्य भंडार है तथा 3 मिलियन मीट्रिक टन वार्षिक उत्पादन क्षमता निर्धारित की गई है। यह परियोजना अगले 49 वर्षों तक संचालित होने का अनुमान है। परियोजना से एनटीपीसी की दीर्घकालिक ईंधन सुरक्षा मजबूत होने के साथ ही देश की ऊर्जा आपूर्ति की विश्वसनीयता और आत्मनिर्भरता को भी बल मिलेगा। परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार सृजन, स्थानीय विकास और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होने की उम्मीद है। साथ ही कोयला आपूर्ति में बढ़ोतरी से राष्ट्रीय ऊर्जा उत्पादन को निरंतरता और स्थिरता मिलने की संभावना जताई गई है।






