Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग की DC नैंसी सहाय ने सोमवार को अपने कार्यालय सभाकक्ष में NTPC के तहत अधिग्रहित ग्राम आराआहर और जुगरा के ग्रामीणों और NTPC के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं, जैसे विस्थापन, मुआवजा, रोजगार और स्कूल की शिफ्टिंग को लेकर DC को सबकुछ बताया। DC ने NTPC के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान एक बेहतर समन्वय के साथ किया जाये। खासकर उन्होंने यह तय करने के लिये कहा कि विस्थापित और प्रभावित स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाये। वहीं, जिन ग्रामीणों ने तकनीकी कार्यों के लिये ट्रेनिंग ली है, उन्हें नौकरी दी जाये। इसमें कोई देरी न हो।
DC नैंसी सहाय ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन ग्रामीणों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी ने कानून तोड़ा तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने NTPC के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझें और समाधान करें। बैठक में SP अरविंद कुमार सिंह, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी एवं अपर समाहर्ता संतोष सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।










