Hazaribagh,Chouparan(Krishna Paswan) : जहां कभी खेतों में अफीम की काली फसल लहलहाती थी, वहां आज नशा मुक्ति की चेतना की लहर दौड़ रही है। चौपारण के थानेदार अनुपम प्रकाश के नेतृत्व में पिछले दो महीनों में लगभग 500 एकड़ जमीन पर फैली अवैध अफीम की खेती नष्ट कर दी गई है। तस्करों के खिलाफ इस कमरतोड़ कार्रवाई ने पूरे प्रखंड को झकझोर कर रख दिया था। अब पुलिस प्रशासन ने अगला कदम बढ़ाते हुये नशे के खिलाफ जन-जागरूकता का अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को केबीएसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, चौपारण में विशेष सत्र आयोजित किया गया, जहां विद्यार्थियों को नशापान के दुष्प्रभावों और कानून से जुड़ी गंभीर धाराओं के बारे में जानकारी दी गई।
इस दौरान पुलिस ने NDPS एक्ट (Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) और PIT-NDPS एक्ट (Prevention of Illicit Traffic in Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) की व्याख्या करते हुये बताया कि कैसे नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है। विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने भी नशा विरोधी संकल्प लिया और यह संदेश दिया कि “हम पढ़ेंगे, जागरूक बनेंगे और समाज को नशा मुक्त बनायेंगे।” थानेदार अनुपम प्रकाश ने कहा,यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पीढ़ी को बचाने का प्रयास है। जब तक समाज से नशा पूरी तरह खत्म नहीं होगा, चौपारण पुलिस पीछे नहीं हटेगी।








