Ramgarh(Prince Verma) : रामगढ़ के बारलोंग के पास बीती रात हुये सड़क हादसे में आठ लोगों की जान जाने के बाद से दो गांवों की खुशियां भी छीन लीं। शुक्रवार की सुबह जब सूरज निकला तो मारंगमरचा में किसी घर से धुआं नहीं उठा। चूल्हे ठंडे थे, आंखें नम थीं और हर गली से सिर्फ सिसकियों की आवाज आ रही थी। जो युवक दूसरों की खुशियों में ताशा बजाकर रंग भरने बिहार के गया जा रहे थे, वे खुद सफेद कफन में लिपटकर लौटे। पूरे गांव में ऐसा मातम पसरा कि मानो समय ही थम गया हो।
एक गांव, छह अर्थियां और टूट गया हर दिल
बारलोंग के पास कोयला लदे LP ट्रक और ताशा पार्टी की पिकअप वैन की भीषण टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें से छह युवक अकेले मारंगमरचा गांव के थे। एक साथ छह अर्थियां उठीं तो पूरे गांव के लोगों के आंखों में आंसू छलक आये। किसी ने जवान बेटा खोया, किसी ने भाई, तो किसी का जीवनभर का सहारा छिन गया। सबसे दर्दनाक मंजर स्वर्गीय गल्लू डोम के घर था। एक तरफ अशोक डोम और दूसरी तरफ छोटे भाई शक्ति राम का पार्थिव शरीर रखा था। बचपन से हर सुख-दुख साथ बांटने वाले दोनों भाई मौत में भी साथ हो गये। बीच में बैठी बूढ़ी मां की आंखों से आंसू भी जैसे सूख चुके थे। वह बस कभी बड़े बेटे का चेहरा देखती, तो कभी छोटे का। उस आंगन में मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं।
ताशा बजाने निकले थे, लौटे तो खामोश
सभी युवक ताशा पार्टी के सदस्य थे और एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिये बिहार के गया जा रहे थे। लेकिन रास्ते में बारलोंग के पास उनकी पिकअप वैन की कोयला लदे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गये। सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद रामगढ़ के DC ऋतुराज और पुलिस कप्तान मुकेश लुनायत मौके पर पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को फटकार लगाते हुये 24 घंटे के भीतर रम्बल स्ट्रिप लगाने, चेतावनी संकेतक (साइन बोर्ड) लगाने, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। वहीं, दो सप्ताह के भीतर सड़क चौड़ीकरण और क्रैश बैरियर की ऊंचाई बढ़ाने को भी कहा। DC ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा से अब कोई समझौता नहीं होगा।
हादसे में जान गंवाने वाले
पवन करमाली (23), डेविड करमाली (28), पप्पू करमाली (18), अनोध कुमार महतो (31), अशोक डोम (45), शक्ति राम (34)। ये सभी मारंगमरचा गांव के रहनेवाले थे, वहीं मृतकों में बलसगरा (कठेरवा) गांव के मनीष कुमार (22) एवं हेमंत कुमार महतो (25) भी शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में 7 अरेस्ट, गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई संभव…
इसे भी पढ़ें : वीडियो कॉल पर देखी बेटी की शादी, विदाई होते ही बाबुल छोड़ गये दुनिया…
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में, CCTV और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी…
इसे भी पढ़ें : रांची को मिलेगी पहली सिक्स लेन स्मार्ट रोड, 177 करोड़ रुपये होंगे खर्च…
इसे भी पढ़ें : झारखंड को मिलेंगे 1042 नये टीचर, इस रोज CM बांटेंगे नियुक्ति पत्र…








