15 वर्षों में बिहार से न गरीबी दूर हुई और ना ही युवाओं को मिला रोजगार
पटना: बिहार के चुनावी मौसम (2020 के विधानसभा चुनाव) में नेताओं का एक-दूसरे पर वार-प्रहार तेज हो गया है| सोमवार को जन अधिकार पार्टी (JAP) के अध्यक्ष पप्पू यादव ने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के लिए 15 वर्ष काम किया है तो अकेले चुनाव लड़ें| वो अकेले चुनाव नहीं लड़ सकते इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहारा ले रहे हैं|
पप्पू ने कहा कि 15 वर्षों में बिहार से न गरीबी दूर हुई और ना ही युवाओं को रोजगार मिला| साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति में भी कोई सुधार नहीं आया| पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने के उनके आग्रह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुरंत ठुकरा दिया| पूर्व सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार सिर्फ एक जिले, नालंदा के मुख्यमंत्री हैं, और एक जाति विशेष के नेता हैं| वो कभी बिहार और बिहारियों के मुख्यमंत्री नहीं बन पाए| उनके विशेष राज्य के दर्जे और विशेष पैकेज की मांग का क्या हुआ?
जीवन काल में उड़ाया था उपहास, और आज उन्हें दे रहे श्रद्धांजलि
जेएपी अध्यक्ष ने कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह जब जिंदा थे तो नीतीश कुमार ने उनका उपहास उड़ाया और आज उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे है| जो नरेंद्र मोदी मनरेगा को भ्रष्टाचार की पोटली बताते थे वो आज मनरेगा के लिए रघुवंश बाबू को धन्यवाद दे रहे हैं| अब जब रघुवंश बाबू इस दुनिया में नहीं रहे तो इन्हें उनकी याद आ रही है| पप्पू यादव ने कहा कि मनरेगा को कमजोर करने वाले अब रघुवंश बाबू की लाश पर राजनीति कर रहे हैं| लालू यादव के बाद उनके परिवार ने रघुवंश प्रसाद सिंह की इज्जत नहीं की| मैं पहला व्यक्ति था जिसने रघुवंश बाबू को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की थी| उनके जैसे नेता बिहार में बहुत कम हुए हैं| वैशाली के धरोहर को नीतीश कुमार द्वारा जबरन पटना लाया गया| बिहार सरकार को वैशाली का धरोहर लौटाना चाहिए| यही रघुवंश बाबू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी|
मानरेगा के मजदूरों का भत्ता बढ़ाया जाए
पप्पू यादव ने कहा कि मनरेगा को किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाए और इस योजना में कार्य करने वाले मजदूरों के भत्ते बढ़ाए जाएं| उन्होंने यह भी कहा कि यदि हमारी पार्टी में सत्ता (बिहार में) आई तो किसानों को मनरेगा से जोड़ेंगे| बिहार को पर्यटन का केंद्र बनाएंगे और बिहार को देश का सबसे सुरक्षित राज्य बनाएंगे जहां आम आदमी सुकून से जी पाएगा|
इसे भी पढे : कोरोना संक्रमक को समाप्त करने में सहायक नीम
इसे भी पढे : धोनी की तरह बल्लेबाजी करना चाहते हैं : डेविड मिलर