Kohramlive : भारत की महिला भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुये 53 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। ज्ञानेश्वरी ने कुल 199 किलोग्राम (88+111) वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। ज्ञानेश्वरी ने स्नैच में अपने तीनों प्रयास (82, 85 और 88 किग्रा) सफलतापूर्वक पूरे किये। वहीं क्लीन एंड जर्क में भी उन्होंने 103, 107 और 111 किलोग्राम वजन उठाकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। हालांकि, नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला दिदिह ने कुल 206 किलोग्राम (93+113) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। कनाडा की रेबेका ग्रोउलेक्स ने 178 किलोग्राम (83+95) के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
ज्ञानेश्वरी स्वर्ण पदक से केवल 7 किलोग्राम पीछे रह गईं। नाइजीरियाई खिलाड़ी दिदिह ने स्नैच में 93 किलोग्राम उठाकर नया कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड भी बनाया। इस रजत के साथ भारत के खाते में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक 5 पदक हो गये हैं। इनमें 1 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य शामिल हैं। भारत के लिए मीराबाई चानू ने स्वर्ण, जबकि ऋषिकांता सिंह, राजा और ज्ञानेश्वरी यादव ने रजत तथा पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने कांस्य पदक जीता है।






