Kohramlive : झारखंड सरकार ने शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 7,721.25 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन में पेश किया। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन बजट सदन के पटल पर रखा। अनुपूरक बजट पर बहस मंगलवार यानी 9 दिसंबर को होगी। विभिन्न विभागों ने कुल 13,000 करोड़ रुपये की मांग भेजी थी। प्राथमिकता, समीक्षा और वित्तीय उपलब्धता के आधार पर राशि घटाकर 7,721 करोड़ पर सहमति बनी। सरकार का लक्ष्य—वित्तीय वर्ष के शेष महीनों में मुख्य योजनाओं को गति देना और लंबित भुगतानों का समायोजन करना है। मंईयां सम्मान योजना पर अनुपूरक बजट में सबसे ज्यादा फोकस किया गया और अधिकतम आवंटन मिला। अधूरे और चल रहे विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि का प्रावधान हुआ। वहीं गरीबी उन्मूलन, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को भी अतिरिक्त फंड मिला। पंचायतों, शहरी निकायों और विधायकों की विकास योजनाओं से जुड़े मदों को भी स्थान दिया गया। इससे पहले मानसून सत्र में 4,296.62 करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट पारित हुआ था। गौरतलब है कि मार्च 2025 में सरकार 1.45 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक बजट पेश कर चुकी है। शीतकालीन सत्र 11 दिसंबर तक चलेगा और कुल पांच कार्यदिवसों में कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य निपटाये जाने हैं।
इसे भी पढ़ें : ISSF विश्व कप फाइनल में तोमर ने सिल्वर मेडल झटके…












